पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को बहादुरगंज थाना का औचक निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था, प्रशासनिक कार्यों एवं सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय की फाइलों एवं महत्वपूर्ण अभिलेखों के रख-रखाव की जांच की। साथ ही मालखाने में जब्त सामानों की स्थिति और शस्त्रागार में रखे हथियारों की सुरक्षा व्यवस्था का भी बारीकी से निरीक्षण किया।
एसपी ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से थाना हाजत की स्थिति तथा परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की भी जांच की। उन्होंने थानाध्यक्ष सुनील कुमार को थाना परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अपराध नियंत्रण को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए लंबे समय से लंबित कांडों, वारंटों के तामिला तथा कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के साथ रात्रि गश्ती को और प्रभावी बनाने, वाहन जांच अभियान में तेजी लाने तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था हर हाल में बनाए रखने के निर्देश दिए।
एसपी ने थाना में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति और अनुशासन की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आम जनता से प्राप्त शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जाए। पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर देते हुए उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को संवेदनशील एवं जनहितकारी व्यवहार अपनाने की हिदायत दी।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी खुसरु सिराज, अंचल पुलिस निरीक्षक बहादुरगंज, थानाध्यक्ष सुनील कुमार सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Post a Comment