Top News

विद्या विहार के 30वें स्थापना दिवस पर अरुणिमा सिन्हा ने विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र


विद्या विहार रेजिडेंशियल स्कूल, परोरा में मंगलवार को विद्यालय के 30वें स्थापना दिवस पर भव्य समारोह आयोजित किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि पद्मश्री सम्मानित एवं विश्वविख्यात पर्वतारोही अरुणिमा सिन्हा ने विद्यार्थियों को जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और कठिन परिस्थितियों में भी हार नहीं मानने का संदेश दिया।

उन्होंने अपने संघर्षपूर्ण जीवन का अनुभव साझा करते हुए बताया कि वर्ष 2011 की रेल दुर्घटना में एक पैर गंवाने के बावजूद उन्होंने कृत्रिम पैर के सहारे प्रशिक्षण लेकर वर्ष 2013 में माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराया। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास और कठिन परिश्रम से असंभव लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना और विद्यालय गीत से हुआ। विद्यार्थियों ने बिहार गीत, रवीन्द्र संगीत, दशावतार स्तुति, बैंड प्रदर्शन और "ग्लिम्प्सेस ऑफ बिहार" सहित कई सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यालय की 30 वर्षों की विकास यात्रा पर आधारित डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।

इस अवसर पर आर्यभट्ट नॉलेज यूनिवर्सिटी, पटना के नैनो वैज्ञानिक डॉ. राकेश कुमार सिंह ने विद्यालय की अत्याधुनिक वेदर लैब का उद्घाटन किया और विद्यार्थियों को विज्ञान, अनुसंधान एवं नवाचार के प्रति प्रेरित किया।
पूर्णिया विश्वविद्यालय के सीसीडीसी डॉ. संतोष कुमार सिंह ने विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों और अनुशासन की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के अग्रणी शिक्षण संस्थानों में से एक बताया।

विद्यालय के सचिव राजेश चंद्र मिश्रा ने कहा कि 30 वर्षों की यात्रा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति विद्यालय की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। निदेशक आर.के. पाल ने विद्यालय की उपलब्धियों और भावी योजनाओं पर प्रकाश डाला, जबकि प्रधानाचार्य निखिल रंजन ने विद्यार्थियों से ईमानदारी, अनुशासन और उत्कृष्ट चरित्र निर्माण को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।

समारोह में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, कर्मचारियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, शिक्षाविदों, समाजसेवियों, अभिभावकों, पूर्व विद्यार्थियों तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। सभी अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
वर्ष 1996 में स्थापित विद्या विहार रेजिडेंशियल स्कूल ने तीन दशकों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के बल पर बिहार के प्रमुख आवासीय विद्यालयों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post