Top News

मां को खोजने निकला 12 वर्षीय मासूम कोसी धार में डूबा, मौत


कटिहार जिले के कुरसेला थाना क्षेत्र के शाहपुर धर्मी पंचायत के कटरिया गांव स्थित कोसी धार में डूबने से 12 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक की पहचान कटरिया गांव निवासी साजन कुमार (12), पिता कैलाश रविदास, के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रविवार को साजन अपनी मां की तलाश में घर से निकला था। उसकी मां कृषि कार्य के लिए खेत गई थीं। मां को खोजते-खोजते वह कोसी धार की ओर चला गया। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

सोमवार सुबह ग्रामीणों ने कोसी धार में एक किशोर का शव तैरता हुआ देखा और इसकी सूचना कुरसेला थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी प्रीति कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया, जिसकी पहचान साजन कुमार के रूप में हुई।

बताया गया कि साजन कुमार ठीक तरह से बोलने में असमर्थ था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कटिहार भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post