Top News

NEET री-एग्जाम 2026: बिहार में अभेद्य सुरक्षा घेरा, एयरफोर्स के विमान से पहुंचे प्रश्नपत्र, 1.56 लाख परीक्षार्थियों पर प्रशासन की पैनी नजर

पिछले वर्ष नीट परीक्षा में सामने आए पेपर लीक कांड के बाद बिहार सरकार ने इस बार होने वाली NEET (UG) 2026 पुनर्परीक्षा को प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लिया है। 21 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त, पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए राज्यभर में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उच्चस्तरीय समीक्षा के बाद मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने सभी जिलों को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि परीक्षा की पवित्रता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा।

राज्य के 34 जिलों के 35 शहरों में 331 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1 लाख 56 हजार 61 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इनमें 81,165 छात्र और 74,896 छात्राएं शामिल हैं। सर्वाधिक 95 परीक्षा केंद्र पटना जिले में बनाए गए हैं, जहां 46,029 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, पेपर लीक, नकल या अफवाह फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल एफआईआर और गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।

परीक्षा के प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनाए रखने के लिए इस बार विशेष व्यवस्था की गई है। भारतीय वायु सेना के विशेष विमान 'गजराज' के जरिए प्रश्नपत्रों को पटना पहुंचाया गया, जहां से उन्हें गया, दरभंगा सहित अन्य जिलों में कड़ी सुरक्षा के बीच भेजा गया। सरकार का दावा है कि एयरफोर्स और डाक विभाग के संयुक्त समन्वय से प्रश्नपत्रों की अंतिम डिलीवरी महज दो से तीन घंटे में पूरी कर ली जाएगी, जिससे लीक या छेड़छाड़ की किसी भी संभावना को खत्म किया जा सके।

पुलिस मुख्यालय ने राज्यभर में सोशल मीडिया पर 24×7 निगरानी के निर्देश दिए हैं। साइबर सेल को विशेष रूप से सक्रिय किया गया है ताकि प्रश्नपत्र लीक, फर्जी वायरल मैसेज या अफवाह फैलाने वालों की तुरंत पहचान कर कार्रवाई की जा सके। संदिग्ध कोचिंग संस्थानों, लॉज और होटलों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। पटना पुलिस ने परीक्षा से पहले कई होटलों और लॉजों में सघन जांच अभियान चलाकर संचालकों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने का निर्देश दिया है।

पूर्णिया जिले में परीक्षा के लिए 12 केंद्र बनाए गए हैं। जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने सभी केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के सभी मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए। प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे, वीडियोग्राफी, बायोमेट्रिक सत्यापन और जैमर लगाए गए हैं। परीक्षार्थियों की सघन फ्रिस्किंग होगी और एडमिट कार्ड के साथ बायोमेट्रिक मिलान के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, पेन ड्राइव, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैग, बेल्ट, आभूषण और खाद्य सामग्री तक ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है।

परीक्षार्थियों की सुविधा को भी सरकार ने प्राथमिकता दी है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की बसों में सभी अभ्यर्थियों को मुफ्त यात्रा की सुविधा दी गई है। वहीं रेलवे ने भी छह विशेष परीक्षा ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है, ताकि कोसी-सीमांचल, मिथिलांचल और अन्य जिलों के अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। रेलवे स्टेशनों और परीक्षा केंद्रों के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों के लिए छायादार प्रतीक्षा स्थल, पेयजल, ओआरएस, सत्तू और मेडिकल मोबाइल यूनिट की व्यवस्था करने का निर्देश जिलाधिकारियों को दिया गया है। भीषण गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट मोड में रखा गया है। इस बीच मुजफ्फरपुर पुलिस ने नीट परीक्षा के नाम पर फर्जी प्रश्नपत्र बेचकर ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। टेलीग्राम के माध्यम से छात्रों को झांसा देकर पैसे वसूलने वाले गिरोह के चार और सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। अब तक इस मामले में कुल पांच आरोपी पकड़े जा चुके हैं। पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन से कई महत्वपूर्ण डिजिटल सबूत मिले हैं और जांच जारी है।

पिछले वर्ष के विवादों से सबक लेते हुए बिहार सरकार इस बार "जीरो टॉलरेंस नीति" के तहत परीक्षा कराने जा रही है। प्रशासन का दावा है कि परीक्षा प्रक्रिया के हर चरण पर निगरानी रखी जा रही है और किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई होगी। राज्य सरकार की पूरी मशीनरी, पुलिस, साइबर सेल, परिवहन विभाग, रेलवे और जिला प्रशासन एक साथ मिलकर यह सुनिश्चित करने में जुटे हैं कि NEET (UG) 2026 पुनर्परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी और पूरी तरह कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हो।

Post a Comment

Previous Post Next Post