बिहार में महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला पूर्णिया जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां शादी की तैयारियों और हल्दी की रस्म के बीच एक परिवार की खुशियां पलभर में तबाह हो गईं। सोमवार को जिस युवती की शादी होनी थी, उसे कुछ दबंगों ने बीच सड़क पर इतनी बेरहमी से पीटा कि वह बेहोश होकर गिर पड़ी। गंभीर हालत में उसे पूर्णिया जीएमसीएच में भर्ती कराया गया है।
घटना पीपरा रौतारा गांव की है। पीड़िता शुमनारा खातून अपने घर में होने वाले हल्दी समारोह की तैयारियों में जुटी थी। शुक्रवार की शाम वह अपनी सहेली को शादी का न्योता देकर लौट रही थी। इसी दौरान गांव के ही कुछ लोगों द्वारा उसके भाई मो. तस्लीम के साथ मारपीट की जा रही थी। भाई को बचाने के लिए जैसे ही वह आगे बढ़ी, हमलावरों ने अपना गुस्सा उस पर उतार दिया। परिजनों के अनुसार आरोपियों ने पहले युवती के भाई को घेर लिया और फिर शुमनारा को लात-घूंसों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। हमलावर तब तक मारते रहे जब तक वह बेहोश होकर जमीन पर नहीं गिर गई। आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके कान की बाली, गले का हार और चांदी की पायल भी छीन ली गई। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि दबंगों के खौफ से आसपास मौजूद लोग भी मदद के लिए आगे नहीं आए। काफी देर तक युवती सड़क पर पड़ी रही। बाद में परिजनों ने पुलिस आपातकालीन सेवा 112 को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल भिजवाया।
20 दिन पुरानी रंजिश बनी हमले की वजह
बताया जा रहा है कि करीब 20 दिन पहले गांव में हुई एक सड़क दुर्घटना के बाद विवाद शुरू हुआ था। दुर्घटना में एक बच्चा घायल हो गया था। उस समय पीड़िता के भाई मो. तस्लीम ने बाइक सवार युवकों को रोककर घायल बच्चे के इलाज की मांग की थी। हालांकि मामला उस समय शांत हो गया था, लेकिन आरोपियों ने इसे अपनी बेइज्जती मान लिया और बदले की आग में शादी के ठीक पहले पूरे परिवार पर हमला बोल दिया।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
परिवार का कहना है कि सोमवार को शुमनारा की शादी तय थी। घर में मेहमान आने लगे थे, हल्दी की रस्म चल रही थी और शादी की तैयारियां अंतिम दौर में थीं। लेकिन इस हमले ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है। अब परिजन बेटी की जिंदगी और उसकी शादी को लेकर चिंतित हैं। मुफ्फसिल थाना प्रभारी सुदिन राम ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने घायल युवती को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल परिजनों की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment