विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की मुरलीगंज इकाई ने पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यकर्ताओं ने केपी कॉलेज परिसर, बीएल स्कूल परिसर और मुरलीगंज थाना परिसर में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत केपी कॉलेज परिसर से हुई, जहाँ एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मियों के साथ मिलकर पौधारोपण किया। इसके बाद, कार्यकर्ता मुरलीगंज थाना पहुँचे और प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष नूरूल हक के साथ थाना परिसर में पौधे लगाए। इस अवसर पर प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष नूरूल हक ने एबीवीपी कार्यकर्ताओं की इस पहल को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण केवल प्राकृतिक नहीं होता, बल्कि यह तीन प्रकार का होता है प्राकृतिक, शारीरिक और मानसिक। डीएसपी ने प्राकृतिक पर्यावरण के साथ-साथ शारीरिक और मानसिक पर्यावरण को भी बेहतर बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने अच्छी किताबें पढ़ने, सकारात्मक विचारों को अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली का पालन करने की सलाह दी। वहीं, एबीवीपी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रकाश भगत ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया। पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान एबीवीपी के कुंदन कुमार, राजू रॉक, समर प्रेम, कौशल, नवीन, आशीष, सूरज, मुरली, देव, प्रिंस, रुद्र सहित कई कार्यकर्ता, शिक्षक और पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संकल्प लिया।
विश्व पर्यावरण दिवस: एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने किया पौधारोपण
Cityhalchal News
0
Post a Comment