Top News

तीन साल से झूल रहे बिजली तारों पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, बिजली कार्यालय पर धरना


भवानीपुर/बमबम यादव
भवानीपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या-12 में पिछले तीन वर्षों से झूल रहे जर्जर बिजली तारों को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा। सोमवार को वार्ड पार्षद मनीष कुमार महतो के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया और विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

ग्रामीणों का आरोप है कि वार्ड में कई जगहों पर बिजली के तार काफी नीचे झूल रहे हैं, जिससे हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इस गंभीर समस्या को लेकर विभागीय अधिकारियों को कई बार लिखित एवं मौखिक रूप से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

वार्ड पार्षद मनीष कुमार महतो ने बताया कि उन्होंने भी कई बार संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर तारों की मरम्मत और बदलाव की मांग की, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। विभाग की लगातार उदासीनता से परेशान होकर ग्रामीणों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।

धरना-प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली कार्यालय में कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं था और केवल एक कंप्यूटर ऑपरेटर ही कार्यालय में मिला। इससे लोगों का आक्रोश और बढ़ गया।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द से जल्द जर्जर और झूल रहे बिजली तारों की मरम्मत नहीं कराई गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि विभागीय लापरवाही के कारण वार्डवासियों की जान जोखिम में है और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post