सीमावर्ती थाना क्षेत्र जियापोखर में बुधवार को नशा मुक्ति को लेकर पुलिस, एसएसबी और स्कूली बच्चों ने संयुक्त रूप से विशाल जागरूकता रैली निकाली। जियापोखर थाना एवं 19वीं बटालियन एसएसबी कद्दूभिट्ठा के तत्वावधान में आयोजित इस रैली में छात्र-छात्राओं, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, पुलिसकर्मियों और एसएसबी जवानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
‘नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो’ जैसे नारों के साथ निकली रैली ने पूरे सीमावर्ती क्षेत्र में नशे के खिलाफ एक मजबूत संदेश दिया। रैली विभिन्न टोले-मोहल्लों से होकर गुजरी, जहां बच्चों के बुलंद नारों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार को बर्बादी की ओर धकेल देता है। इससे युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है और समाज को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस कार्रवाई अपनी जगह है, लेकिन नशे के खिलाफ वास्तविक जीत तभी संभव है, जब समाज स्वयं इसके विरोध में आगे आए।
वहीं एसएसबी अधिकारियों ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में मादक पदार्थों की चुनौती लगातार बढ़ रही है। ऐसे में जागरूकता ही सबसे प्रभावी हथियार है। युवाओं और आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित रखने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
रैली के दौरान लोगों को नशे से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने हाथ उठाकर नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
Post a Comment