Top News

जनकल्याण शिविर में उमड़ी भीड़, प्रभारी मंत्री ने वितरित किए प्रमाण पत्र


मुरलीगंज प्रखंड क्षेत्र के कोल्हायपट्टी, प्रखंड कार्यालय परिसर एवं रजनी पंचायत में मंगलवार को सहयोग सह जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं संबंधित विभागों के समक्ष रखीं तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।

कोल्हायपट्टी पंचायत सरकार भवन में आयोजित शिविर में जिले की प्रभारी मंत्री शीला मंडल ने भाग लिया। इस दौरान उन्होंने लाभुकों के बीच जन्म, मृत्यु सहित अन्य प्रमाण पत्रों का वितरण किया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी अभिषेक रंजन, पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी संतोष कुमार समेत कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

सभा को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम पायदान पर बैठे गरीब एवं जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने लोगों से अपनी समस्याओं को खुलकर रखने की अपील करते हुए कहा कि शिविरों के माध्यम से उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

मंत्री ने कहा कि न्याय के साथ विकास सरकार की मूल सोच है और इसी उद्देश्य से सहयोग सह जनकल्याण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि लोगों का इन शिविरों पर भरोसा बढ़ा है और उन्हें विश्वास होने लगा है कि उनकी समस्याओं का समाधान यहां संभव है। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

शिविर में सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, आवास योजना, कृषि, राजस्व, नल-जल सहित विभिन्न विभागों के काउंटर लगाए गए थे। लोगों ने अपनी समस्याओं एवं आवेदनों को संबंधित विभागों के समक्ष प्रस्तुत किया। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष आवेदनों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post