कुरसेला थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-31 पर रामपुर हनुमान मंदिर के समीप मंगलवार को एक तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से एक वृद्ध व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान कुरसेला इंदिरा ग्राम निवासी राजन साह (70) वर्ष के रूप में की गई है।मिली जानकारी के अनुसार राजन साह सड़क किनारे जा रहे थे, तभी तेज गति से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार ठोकर मार दी। दुर्घटना में वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने पर कुरसेला थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल वृद्ध को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कुरसेला पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी कार्रवाई शुरू कर दी है तथा दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान और मामले की जांच में जुट गई है।इधर, वृद्ध की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Post a Comment