भारत-नेपाल सीमा से सटे टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र में पुलिस ने शुक्रवार देर रात गश्ती अभियान के दौरान एक संदिग्ध पिकअप वैन को पकड़कर 80 पेटी सेब बरामद किया है। बरामद सेब नेपाली अथवा चाइनीज मूल के होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, टेढ़ागाछ पुलिस नियमित रात्रि गश्ती पर थी। इसी दौरान टेढ़ागाछ पेट्रोल पंप के समीप एक संदिग्ध पिकअप वैन को रोककर उसकी तलाशी ली गई। वाहन को थाना लाने के बाद तिरपाल हटाकर जांच की गई तो उसमें 80 पेटी सेब लदे मिले। प्रत्येक पेटी में लगभग 20 किलोग्राम सेब बताया जा रहा है।
अपर थानाध्यक्ष रितेश कुमार ने बताया कि वाहन की गतिविधि संदिग्ध लगने पर उसे रोका गया था। जांच के दौरान बड़ी मात्रा में सेब बरामद हुए हैं। प्रारंभिक जांच में फल नेपाली अथवा चाइनीज मूल के प्रतीत हो रहे हैं, जिसकी पुष्टि के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, चालक की पहचान शाह रजा, पिता स्व. साकिर आलम, निवासी वैसा टोली, थाना बहादुरगंज, जिला किशनगंज के रूप में हुई है। पूछताछ में चालक ने बताया कि सेब भारत-नेपाल सीमा के समीप खनियाबाद क्षेत्र से लोड किया गया था और इसे बहादुरगंज एलआरपी क्षेत्र में पहुंचाया जाना था।
पुलिस अब सेब की वैधता, परिवहन से संबंधित दस्तावेजों और इसके स्रोत की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सीमा क्षेत्र में अवैध एवं संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इधर, घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि सीमा पर एसएसबी की निगरानी के बावजूद नेपाली रास्तों से चीनी सामान, मवेशी और शराब जैसी वस्तुएं भारत तक कैसे पहुंच रही हैं। ग्रामीणों ने सीमा क्षेत्र में तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।
Post a Comment