कुरसेला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 64 गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श दिया गया।
इस दौरान एचआईवी जांच, ब्लड ग्रुप, ब्लड शुगर सहित विभिन्न पैथोलॉजिकल परीक्षण किए गए। सभी लाभार्थियों को अल्पाहार भी उपलब्ध कराया गया।
चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमरलाल ने बताया कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत प्रत्येक माह की 9, 15 एवं 21 तारीख को विशेष शिविर आयोजित कर गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच और आवश्यक परीक्षण किए जाते हैं, ताकि किसी भी जटिलता की समय पर पहचान हो सके।
शिविर के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 190 ओपीडी मरीजों का भी उपचार किया गया। स्वास्थ्यकर्मियों ने गर्भवती महिलाओं को संस्थागत प्रसव, संतुलित आहार और नियमित जांच के प्रति जागरूक किया।
Post a Comment