केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बरारी स्थित श्री भगवती मंदिर परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा श्रद्धा एवं उत्साह के साथ विशेष धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन, देश की उन्नति तथा जनकल्याण की कामना को लेकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना, हवन, सुंदरकांड पाठ एवं महाआरती संपन्न कराई गई।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज राय, जिला प्रभारी प्रफुल्ल रंजन वर्मा, विधानसभा प्रभारी शंभू नाथ चौधरी, विधानसभा संयोजक राघवेंद्र प्रताप, मंडल अध्यक्ष विक्की कुमार साह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के दौरान भारत ने विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया गया है, जिससे देश को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है।
वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के सशक्तीकरण को प्राथमिकता देते हुए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की हैं, जिनका सकारात्मक प्रभाव देशभर में देखने को मिल रहा है। कार्यक्रम के अंत में देश की सुख-समृद्धि, सामाजिक सौहार्द और उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना के साथ हवन संपन्न हुआ। मंदिर परिसर में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में भाजपा समर्थकों एवं स्थानीय लोगों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली।
Post a Comment