Top News

नो व्हीकल डे में डीएम टोटो की तो एडीएम ने की साइकिल की सवारी

पूर्णिया की सड़कों पर शुक्रवार को ऐसा नजारा दिखा कि लोग कुछ देर के लिए अपनी आंखों पर यकीन ही नहीं कर पाए। जिन अधिकारियों के आगे-पीछे आम दिनों में सरकारी गाड़ियों का काफिला चलता है, वे आज टोटो और साइकिल पर फर्राटा भरते नजर आए। सबसे मजेदार बात तो यह रही कि अफसरों के बॉडीगार्ड भी साइकिल चलाते दिखे। दरअसल बिहार सरकार के “नो व्हीकल डे” के तहत शुक्रवार को अधिकारियों को बिना चार पहिया वाहन के दफ्तर पहुंचना था। फिर क्या था… पूर्णिया में सुबह-सुबह सड़क पर एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली। कोई टोटो पकड़कर ऑफिस पहुंचा तो कोई साइकिल से पसीना बहाता नजर आया। पूर्णिया के प्रभारी जिला पदाधिकारी अंजनी कुमार टोटो पर बैठकर कार्यालय पहुंचे। उनके साथ उनके बॉडीगार्ड भी मौजूद थे। दूसरी ओर वरीय उपसमाहर्ता रवि राकेश साइकिल चलाते हुए ऑफिस पहुंचे और उनके सुरक्षाकर्मी भी पीछे-पीछे साइकिल पर पैडल मारते दिखे। यह दृश्य देखकर राह चलते लोग मुस्कुराने लगे। कई लोगों ने मोबाइल निकालकर वीडियो भी बना लिया। हालांकि इस “नो व्हीकल डे” में भी कुछ अधिकारी नियम भूल गए। कई साहब आराम से अपनी फोर व्हीलर गाड़ियों में बैठकर दफ्तर पहुंच गए। ऐसे में लोगों ने चुटकी लेते हुए कहा — “लगता है कुछ अफसरों की गाड़ी का पेट्रोल खत्म नहीं हुआ है!” प्रभारी जिला पदाधिकारी अंजनी कुमार ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण बचाना और तेल की खपत कम करना है। वहीं रवि राकेश ने कहा कि वैश्विक संकट के समय तेल बचाना बेहद जरूरी है और सरकार इसी सोच के तहत यह पहल कर रही है। अब पूर्णिया में यह चर्चा जोरों पर है कि अगले शुक्रवार को कौन अधिकारी साइकिल चलाएगा और कौन फिर गाड़ी से ही पहुंच जाएगा!

Post a Comment

Previous Post Next Post