रविवार को कोढ़ा प्रखंड में चक्रवाती तूफान का असर साफ तौर पर देखने को मिला, जहां एक ओर बारिश ने किसानों के चेहरों पर खुशी लाई, वहीं तेज हवाओं और ओलावृष्टि ने कई इलाकों में फसलों को नुकसान पहुंचाकर चिंता भी बढ़ा दी।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को कोलासी , दिघरी, खेरिया के अलावे विभिन्न पंचायतों में रविवार को आए इस तूफान के कारण क्षेत्र में तेज बारिश हुई, जिससे जिन किसानों की फसलें पानी के अभाव में सूख रही थीं, उन्हें राहत मिली । खासकर कोढ़ा के मखाना , और सब्जी की खेती करने वाले किसानों ने इस बारिश को फायदेमंद बताया।
वहीं दूसरी ओर, तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने कई खेतों में खड़ी फसलों को गिरा दिया, साथ ही व्यापक रूप खेत में तैयार हो चुकी कटी हुई मक्का के किसानों को नुकसान का सामना करना पड़ा। कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की भी खबर है, जिसने तैयार फसलों को बर्बाद कर दिया।
किसानों का कहना है कि यह मौसम उनके लिए खुशी और गम दोनों लेकर आया है। जिनकी फसलें सुरक्षित रहीं, वे राहत महसूस कर रहे हैं, जबकि जिन किसानों को नुकसान हुआ है, वे मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
स्थानीय प्रशासन ने स्थिति का जायजा लेना शुरू कर दिया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। किसानों को उम्मीद है कि सरकार जल्द ही राहत पैकेज की घोषणा करेगी।
Post a Comment