कोढ़ा प्रखंड अंतर्गत फुलवरिया चौक के समीप वार्ड संख्या चार के समिप फुलवरिया वस्ती जाने वाली ग्रामीण सड़क पर रविवार को आई तेज आंधी और बारिश के बाद बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। इस दौरान एक बिजली का तार टूटकर बीच सड़क पर गिर गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ा खतरा पैदा हो गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज हवा और बारिश के कारण बिजली का पोल हिल गया, जिससे जुड़ा तार टूटकर सड़क पर आ गिरा। घटना के बाद से ही यह तार खुले रूप में सड़क पर पड़ा हुआ है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस रास्ते से दिन-रात लोगों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में सड़क पर गिरे बिजली के तार से करंट फैलने की आशंका बनी हुई है। बावजूद इसके, संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
ग्रामीणों ने कई बार बिजली विभाग को इसकी सूचना दी, लेकिन अभी तक तार को हटाने या मरम्मत करने का काम शुरू नहीं हुआ है। लोगों में इस बात को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है, ताकि समय रहते इस खतरे को टाला जा सके और किसी बड़ी दुर्घटना से बचाव हो सके।
Post a Comment