भारत-नेपाल सीमा से सटे किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड से पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज बनाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
मामले की जानकारी देते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मंगलेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि सीमावर्ती इलाके में अवैध रूप से फर्जी आधार कार्ड एवं अन्य प्रमाणपत्र तैयार किए जा रहे हैं। सूचना के बाद उनके नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने गुप्त रूप से सूचना संकलन करने के बाद टेढ़ागाछ प्रखंड के बलुआ जागीर स्थित एक किराना दुकान में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से लैपटॉप, मॉनिटर, प्रिंटर, नकली मोहर समेत कई आपत्तिजनक सामग्री बरामद की।
इस दौरान पुलिस ने आरोपी मनोहर कुमार शर्मा (पिता – सुरेश शर्मा), निवासी बलुआ जागीर, टेढ़ागाछ को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि किराना दुकान की आड़ में दूसरे व्यक्ति के रजिस्ट्रेशन का दुरुपयोग कर फर्जी आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज तैयार किए जा रहे थे।अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मंगलेश कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि मौके से करीब 400 लोगों के आधार कार्ड, केवाला और विभिन्न प्रकार के प्रमाणपत्र बरामद किए गए हैं।
इस संबंध में टेढ़ागाछ थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
Post a Comment