प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निदेशानुसार घरेलू गैस सिलेंडर की कालाबाजारी एवं अवैध भंडारण पर रोक लगाने के उद्देश्य से व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी विजय कुमार विश्वास के नेतृत्व में की गई। छापेमारी के दौरान टेढ़ागाछ बाजार, फुटानी चौक एवं मटियारी बाजार के विभिन्न प्रतिष्ठानों की गहन जांच की गई। अधिकारियों की टीम ने होटल, ढाबा एवं मिठाई दुकानों में विशेष रूप से जांच करते हुए घरेलू गैस सिलेंडर के दुरुपयोग की संभावना को परखा। हालांकि पूरे अभियान के दौरान कहीं से भी अवैध रूप से भंडारित या उपयोग में लाए जा रहे घरेलू गैस सिलेंडर की बरामदगी नहीं हुई। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई नियमित निगरानी का हिस्सा है और भविष्य में भी इस तरह की जांच जारी रहेगी। छापेमारी के दौरान यह भी देखने को मिला कि कई होटल संचालक गैस सिलेंडर की अनुपलब्धता या सख्ती के कारण लकड़ी के चूल्हे पर खाना एवं मिठाई बनाने को मजबूर हैं। होटल मालिकों ने बताया कि उन्हें समय पर वाणिज्यिक गैस सिलेंडर नहीं मिल पाने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हो रही है, जिससे व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से नियमित गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी विजय कुमार विश्वास ने स्पष्ट रूप से कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है और ऐसा करते पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम उपभोक्ताओं से भी अपील की कि वे किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अवैध भंडारण की सूचना तुरंत विभाग को दें। इस अभियान से क्षेत्र में गैस सिलेंडर के दुरुपयोग पर अंकुश लगाने की दिशा में प्रशासन की सक्रियता साफ तौर पर नजर आई। वहीं, व्यवसायियों ने भी उचित व्यवस्था की मांग करते हुए सहयोग का भरोसा दिलाया।
टेढ़ागाछ में गैस सिलेंडर कालाबाजारी पर छापेमारी
Cityhalchal News
0
Post a Comment