Top News

बंद मखानाफोड़ी के समीप गड्ढे में मिला मछली विक्रेता का शव, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार


पूर्णिया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 44, सतडोब में उस समय सनसनी फैल गई जब एक बंद पड़ी मखाना प्रोसेसिंग यूनिट (मखनफोडी) के समीप गड्ढे में एक अधेड़ व्यक्ति का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी 50 वर्षीय अर्जुन महलदार के रूप में की गई है।
मृतक के पुत्र राहुल कुमार ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि उनके पिता अर्जुन महलदार मंगलवार की शाम करीब 7:00 बजे घर से बिना कुछ बताए निकले थे। देर रात तक जब वे घर वापस नहीं लौटे, तो परिजनों और रिश्तेदारों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन कहीं कोई पता नहीं चला। बुधवार की दोपहर, घर के ही पास स्थित मखाना फैक्ट्री के समीप बने गड्ढे में उनका शव मिला।
मृतक अर्जुन महलदार पेशे से मछली विक्रेता थे और अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। पिता की असमय मृत्यु से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना से पूरे सतडोब गांव में मातम छाया हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस हरकत में आई। थाना के एसआई जयप्रकाश यादव और राजा कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
इस संबंध में जानकारी देते हुए मुफस्सिल थानाध्यक्ष सुदीन राम ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया है और इस आशय का एक लिखित आवेदन भी पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस ने परिजनों की सहमति के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए उन्हें सौंप दिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post