भवानीपुर प्रखंड क्षेत्र में बीते दिनों आए बेमौसम आंधी-तूफान और बारिश ने किसानों की कमर तोड़ दी। इस प्राकृतिक आपदा में प्रखंड के हजारों किसानों की मक्का और गेहूं की फसल को भारी क्षति पहुंची है। खेतों में खड़ी फसल बर्बाद हो जाने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है और उनकी आजीविका पर संकट गहरा गया है।
इस बीच किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। जिला कृषि विभाग द्वारा फसल क्षति अनुदान के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिन किसानों की मक्का और गेहूं की फसल को नुकसान हुआ है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं। विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द आवेदन कर अनुदान का लाभ उठाएं, ताकि उन्हें हुए नुकसान की कुछ भरपाई हो सके।
वहीं, इस मुद्दे पर छात्र नेता छैला यादव ने कहा कि बेमौसम आंधी-तूफान ने किसानों को गहरे संकट में डाल दिया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि फसल क्षति का निष्पक्ष आकलन कर जल्द से जल्द पीड़ित किसानों को मुआवजा दिया जाए। साथ ही उन्होंने आवेदन प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने की भी मांग की, ताकि कोई भी प्रभावित किसान इससे वंचित न रह जाए।
Post a Comment