कुरसेला नगर पंचायत के पश्चिम टोला स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में मिड डे मील योजना में अनियमितता का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें विद्यालय के शिक्षक व वार्ड पार्षद कार्यालय के टेबल पर अंडा-चावल और सलाद खाते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि जिस टेबल पर कार्यालय से संबंधित शैक्षणिक कागजात रखे जाते हैं, उसी पर भोजन किया जा रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि सिटी हलचल अखबार नहीं करता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि विद्यालय में बच्चों को मिड डे मील के तहत निर्धारित दिन शुक्रवार को पौष्टिक अंडा नियमित रूप से नहीं दिया जा रहा है, जबकि शिक्षक उसी अंडे का स्वयं सेवन कर रहे हैं। मामला तब उजागर हुआ जब विद्यालय के बच्चों ने इसकी शिकायत अपने अभिभावकों से की।शिकायत के बाद जब अभिभावक विद्यालय पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि कार्यालय के टेबल पर अंडा-चावल और सलाद का सेवन किया जा रहा है। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों को शुक्रवार को अंडा नहीं दिया जाता, बल्कि छुट्टी के समय एक अंडा देकर औपचारिकता पूरी कर दी जाती है, जो मिड डे मील योजना के नियमों के खिलाफ है।घटना के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने जिला शिक्षा पदाधिकारी व प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।वहीं, वायरल वीडियो के सामने आने के बाद क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था और मिड डे मील योजना की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
Post a Comment