Top News

नवविवाहिता की हत्या के आरोप में पति सास ससुर गिरफ्तार

कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना के बादनवविवाहिता की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि मधेपुरा जिले के फुलौत थाना अंतर्गत सपनी गांव निवासी देवेन्द्र मेहता (60 वर्ष) ने 22 अप्रैल 2026 को कोढ़ा थाना में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री संगीता कुमारी की शादी वर्ष 2023 में कोढ़ा थाना क्षेत्र के महिनाथपुर निवासी सूरज कुमार से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया कि कुछ माह पूर्व 40 हजार रुपये एवं एक सोने का लॉकेट देने के बावजूद प्रताड़ना बंद नहीं हुई। 24 अप्रैल को मृतका ने अपने पिता को फोन कर मारपीट और जान से मारने की धमकी की जानकारी दी थी, जिसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। अगले दिन 25 अप्रैल को उसकी मौत की सूचना मिली। परिजनों ने ससुराल पहुंचकर देखा कि मृतका के गले पर निशान था, जिससे गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई।

इस संबंध में कोढ़ा थाना कांड संख्या 121/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, कटिहार-02 रंजन कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी कर मुख्य आरोपी पति सूरज कुमार, उसके पिता टुनटुन सिंह तथा मां साखो देवी, सभी निवासी महिनाथपुर पिपरा टोला, थाना कोढ़ा को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।

Post a Comment

Previous Post Next Post