पूर्णियां जिले में बिजली विभाग की कथित लापरवाही एक स्कूली छात्र पर भारी पड़ गई। करंट की चपेट में आने से एक छात्र जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। घटना बायसी थाना क्षेत्र के गांगर पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय अमीरगंज की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार विद्यालय परिसर के पास से 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन बिजली तार गुजर रहा है, जो काफी नीचे झुका हुआ है। गुरुवार को टिफिन के समय छात्र नंदन शर्मा बाउंड्री वॉल पर चढ़कर बाहर जा रहा था, तभी वह नीचे लटके बिजली तार के संपर्क में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। अन्य छात्रों के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल छात्र को तुरंत बायसी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पूर्णियां रेफर कर दिया। फिलहाल छात्र का इलाज पूर्णियां के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। इधर, स्कूल शिक्षकों ने टूटी हुई बाउंड्री वॉल का हवाला देते हुए अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया, जबकि परिजनों ने विद्यालय प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि 11 हजार वोल्ट का बिजली तार लंबे समय से नीचे झुका हुआ है, जिससे पहले भी हादसे हो चुके हैं। ग्रामीणों के घरों और खेतों के ऊपर से भी हाई वोल्टेज तार गुजर रहे हैं। इस संबंध में कई बार बिजली विभाग को आवेदन दिया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने घटना के बाद बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश जताते हुए जल्द कार्रवाई और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
बिजली विभाग की लापरवाही, करंट से झुलसा स्कूली छात्र — हालत गंभीर
Cityhalchal News
0
Post a Comment