रौटा थाना क्षेत्र के रौटा बाजार में संचालित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से जुड़े सीएससी कंपनी के सीएसपी प्वाइंट से जुड़े बैंकिंग घोटाले को लेकर सैकड़ों पीड़ित खाताधारकों ने समाजसेवी इंजीनियर महफूज आलम के नेतृत्व में सोमवार को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, बैसा शाखा के समीप राजमार्ग-99 को लगभग 2 घंटे जाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सड़क जाम होने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही अनुमंडल पदाधिकारी अभिषेक रंजन, एसडीपीओ जितेंद्र पांडेय, बैसा बीडीओ राजकुमार चौधरी, रौटा थानाध्यक्ष कुमार कुणाल सौरव तथा अमौर थानाध्यक्ष अवधेश कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की और मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया। काफी मशक्कत के बाद लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया गया। बताया जाता है कि मोजाबारी गांव में संचालित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सीएससी कंपनी के सीएसपी प्वाइंट के संचालक जुबेर आलम पर अपने परिवार और सहयोगियों के साथ मिलकर करीब 269 खाताधारकों के खाते से बिना उनकी जानकारी के कुल 2 करोड़ 90 लाख 62 हजार 77 रुपये की अवैध निकासी और ट्रांसफर करने का आरोप लगा है। पीड़ित खाताधारकों का कहना है कि खाता जांच, जमा-निकासी और अन्य बैंकिंग कार्य के बहाने उनसे बार-बार अंगूठा लगवाया जाता था। इसी दौरान उनके खाते से रकम IMPS, RTGS, मोबाइल बैंकिंग और नेट बैंकिंग के माध्यम से अन्य खातों में ट्रांसफर कर दी जाती थी। आरोप है कि निकाली गई राशि जुबेर आलम के पुत्र इंतेशार आलम, पत्नी रूमी नाज, दामाद परवेज आलम समेत अन्य परिजनों और सहयोगियों के खातों में भेजी गई, जबकि खाताधारकों को इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई और न ही उन्हें पैसा दिया गया। कई पीड़ितों ने बताया कि उनके खाते से लाखों रुपये की निकासी कर ली गई और उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी। कुछ मामलों में फर्जी दस्तावेज तैयार कर या बिना किसी वैध दस्तावेज के ही रकम निकालने की बात भी सामने आई है। निकहत प्रवीन, मधु कुमारी, बीबी नाजमीन, सोहागी बेगम, अंगूरी बेगम और मो. रज्जाक सहित कई खाताधारकों ने लिखित शिकायत देकर अपने-अपने खातों से बड़ी राशि गायब होने की जानकारी दी है। पीड़ितों के अनुसार जब वे अपने खाते की जांच कराने बैंक पहुंचे, तब इस बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पीड़ितों ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, बैसा शाखा व रौटा थाना में आवेदन देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि मामला सामने आने के बाद सीएसपी संचालक अपना केंद्र बंद कर फरार हो गया है। इस घटना से पूरे इलाके में आक्रोश है और लोग अपनी जमा पूंजी की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। पीड़ितों ने प्रशासन से उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई तथा उनकी राशि वापस दिलाने की मांग की है।
रौटा में सीएसपी संचालक पर 2.90 करोड़ की ठगी का आरोप, पीड़ितों ने किया सड़क जाम
Cityhalchal News
0
Post a Comment