कटिहार: घरेलू रसोई गैस को लेकर जिले में फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि कटिहार जिले में घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है और लोगों को घबराने या अफरातफरी का माहौल बनाने की जरूरत नहीं है। डीएम ने कहा कि कुछ स्थानों पर गैस की किल्लत की अफवाह के कारण लोग तेजी से बुकिंग करवा रहे हैं, जिससे भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि जिले में गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और सभी उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर मिल रहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि कालाबाजारी और जमाखोरी को रोकने के लिए पूरे जिले में 16 छापेमारी दल का गठन किया गया है। सभी तीनों अनुमंडलों के अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि यदि कहीं से गैस की कालाबाजारी या अनियमितता की सूचना मिलती है तो तत्काल कार्रवाई की जाए। डीएम आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि गैस को लेकर किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ प्रशासन जीरो टॉलरेंस नीति अपनाएगा। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता के अनुसार ही गैस की बुकिंग करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को सुविधा मिल सके।
गैस कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के लिए 16 छापेमारी दल गठित
Cityhalchal News
0
Post a Comment