भवानीपुर/बमबम यादव
पूर्णियां। भवानीपुर थाना क्षेत्र के जाबे पंचायत अंतर्गत जाबे वार्ड संख्या 12 में आधी रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक भीषण आग लगने से पूरा टोला दहल उठा। घटना देर रात्रि की है, जब अधिकांश ग्रामीण गहरी नींद में सोए हुए थे। अचानक उठती आग की तेज लपटों और घने धुएं ने लोगों को घरों से बाहर निकलने पर मजबूर कर दिया।
आग की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बाल्टी और पानी के सहारे आग बुझाने में जुट गए। तत्पश्चात धमदाहा अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। सूचना पाकर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक कई घर पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे।
इस अग्निकांड में कलीम, मोहम्मद अशफाक, अफसरा इरशाद, दिलशाद, इशलाम उर्फ बोका, मंसूर, जोगी सब्जी, जब्बार सब्जी, मुन्ना सब्जी, खुर्शीद, मुर्शीद, इरफान, सरवर, इरशाद, जियाउल्ला, वीवी मकीना खातून सहित दर्जनों परिवारों का आशियाना जल गया। घरों में रखे अनाज, कपड़े, फर्नीचर, बर्तन, जरूरी कागजात और नकदी तक आग की भेंट चढ़ गई। कई परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।
जाबे पंचायत के पूर्व मुखिया सह समाजसेवी मोहम्मद शमीम आलम ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन से शीघ्र क्षति आकलन कर पीड़ितों को मुआवजा, खाद्यान्न और आवास उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं मोहम्मद अजबुल ने कहा कि ग्रामीणों और दमकल की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा पूरा टोला जल सकता था। आग लगने के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। प्रशासन द्वारा क्षति का आकलन किया जा रहा है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है और पीड़ित परिवार राहत की आस लगाए हुए हैं।
Post a Comment