सीमावर्ती नगर जोगबनी में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार को लेकर चिंता गहराती जा रही है। नगर परिषद जोगबनी के पूर्व उपमुख पार्षद नरेश प्रसाद ने शहर में तेजी से फैल रहे मादक पदार्थों के नेटवर्क पर कड़ा रुख अपनाते हुए पुलिस प्रशासन से तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। नरेश प्रसाद ने कहा कि शहर में नशीले पदार्थों का कारोबार इस तरह फैल रहा है मानो “कुकुरमुत्ते की तरह” उग आया हो। उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते इस पर लगाम नहीं कसी गई तो इसका सीधा असर सामाजिक माहौल और कानून-व्यवस्था पर पड़ेगा। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं के भविष्य पर पड़ रहे दुष्प्रभाव को गंभीर बताते हुए कहा कि नशे की लत आने वाली पीढ़ी को बर्बादी की ओर धकेल सकती है।
उन्होंने पुलिस कप्तान से इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए सघन छापेमारी अभियान चलाने, संदिग्ध ठिकानों की जांच करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि सीमा क्षेत्र होने के कारण जोगबनी में अवैध गतिविधियों की आशंका अधिक रहती है, ऐसे में प्रशासन को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी चाहिए।
शहरवासियों ने भी इस मुद्दे पर चिंता जताते हुए प्रशासन से ठोस कदम उठाने की अपेक्षा की है। लोगों का मानना है कि यदि अभी सख्ती नहीं बरती गई तो हालात और बिगड़ सकते हैं।
Post a Comment