मुरलीगंज प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत भेलाही गाँव स्थित बाबा खेदन महाराज स्थान परिसर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में तीसरे दिन धूमधाम से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। भागवत कथा श्रवण करने के लिए दूर दराज से लोगों भीड़ उमड़ रही है। बुधवार को कथावाचक ने भगवान के प्राकट्य का प्रसंग सुनाया, पूरा पंडाल 'नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की' के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। काशी (बनारस) से पधारे प्रख्यात कथावाचक पंडित सियाराम एवं कपिलदेव दास ने दिव्य प्रसंगों की व्याख्या करते हुए कहा कि जब-जब धरती पर अधर्म बढ़ता है, तब-तब भगवान अवतार लेते हैं। उन्होंने कंस के अत्याचारों और माता देवकी व वासुदेव के संघर्ष की कथा सुनाते हुए बताया कि किस प्रकार कारागार के ताले स्वयं टूट गए और भगवान ने भक्तों के उद्धार के लिए अवतार लिया।
हजारों की संख्या में उमड़ी भीड़
कथा के तीसरे दिन भक्ति का ऐसा सैलाब उमड़ा कि बाबा खेदन स्थान का परिसर छोटा पड़ गया। हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भजनों पर झूमकर अपनी आस्था प्रकट की। फूलों की वर्षा और मंगल गीतों के बीच भगवान के बाल स्वरूप की झांकी ने सभी का मन मोह लिया।
Post a Comment