Top News

विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ ने सीमांचल के विकास, सुरक्षा व घुसपैठ रोकने को लेकर अमित शाह को सौंपा ज्ञापन

सीमांचल क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा समग्र विकास को गति देने की मांग को लेकर विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी के नेतृत्व में प्रस्तुत किया गया। ज्ञापन में सीमांचल की सामरिक संवेदनशीलता का विशेष उल्लेख करते हुए सीमावर्ती इलाकों में नियमित उच्चस्तरीय समीक्षा, कड़ी निगरानी व्यवस्था, आधुनिक तकनीकी संसाधनों की उपलब्धता तथा विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया। संगठन ने कहा कि सीमांचल की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए यहां सुरक्षा तंत्र को और मजबूत करना समय की आवश्यकता है।
संगठन ने अवैध घुसपैठ की समस्या पर भी गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए सीमांचल क्षेत्र में रह रहे अवैध घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें देश से बाहर निकालने हेतु कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि राष्ट्रीय सुरक्षा, सामाजिक संतुलन एवं स्थानीय संसाधनों की सुरक्षा के लिए इस विषय पर ठोस कदम उठाना अत्यंत आवश्यक है।
इसके साथ ही जर्जर सड़कों के उन्नयन, आधारभूत संरचना के विकास तथा लघु एवं मध्यम उद्योगों को प्रोत्साहन देने की मांग की गई। संगठन ने विशेष रूप से सीमांचल क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर नए उद्योग स्थापित कर स्थायी रोजगार उपलब्ध कराने हेतु ठोस औद्योगिक नीति एवं विशेष पैकेज लागू करने की मांग की, ताकि क्षेत्र से पलायन रुके और आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो।
राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने कहा कि गृह मंत्री द्वारा सीमांचल क्षेत्र की सुरक्षा एवं विकास संबंधी विषयों पर निरंतर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है, जिसके लिए संगठन की ओर से उनका हृदय से आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के मार्गदर्शन में सीमांचल क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
उन्होंने बताया कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान सीमांचल क्षेत्र के सर्वांगीण विकास एवं सशक्त नेतृत्व के उद्देश्य से संगठन ने भारतीय जनता पार्टी के साथ सक्रिय एवं सकारात्मक भूमिका निभाई। इस अवधि में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देश में संगठन ने सीमांचल क्षेत्र में संगठित रूप से कार्य किया।
चुनावी अवधि में संगठन के कार्यकर्ताओं ने गृह मंत्री के रोड शो एवं जनसभाओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा घर-घर संपर्क कर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाई। संगठन का मुख्य ध्येय क्षेत्र में शांति, सुदृढ़ कानून-व्यवस्था एवं विकास को सुनिश्चित करना रहा है।
पूर्णिया आगमन पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने गृह मंत्री को अंगवस्त्र भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान सीमांचल क्षेत्र के विकास, सुरक्षा सुदृढ़ीकरण एवं औद्योगिक संभावनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा भी हुई।

Post a Comment

Previous Post Next Post