कोसी-सीमांचल क्षेत्र के लिए बहुप्रतीक्षित बिहारीगंज–कुरसेला नई रेल लाइन परियोजना को वित्तीय वर्ष 2025-26 में बड़ी सौगात मिली है। लगभग 57.35 किलोमीटर लंबी इस परियोजना के लिए रेलवे बोर्ड ने ₹170.8 करोड़ की राशि आवंटित की है, जिससे लंबे समय से लंबित कार्य में तेजी आने की उम्मीद है।
यह रेल लाइन बिहारीगंज से शुरू होकर धमदाहा और रुपौली होते हुए कुरसेला स्टेशन तक पहुंचेगी। कुरसेला पहले से एक महत्वपूर्ण जंक्शन है, जिससे विभिन्न प्रमुख रेल मार्ग जुड़े हैं। नई लाइन जुड़ने से मधेपुरा और पूर्णिया के ग्रामीण इलाकों को सीधा रेल नेटवर्क मिलेगा।
परियोजना के तहत 7 स्टेशन और हॉल्ट प्रस्तावित हैं—बिहारीगंज, सिरसिया हॉल्ट, कसमरा, धमदाहा, माधवनगर हॉल्ट, दुर्गापुर हॉल्ट, रुपौली और अंतिम स्टेशन कुरसेला। इससे हजारों लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। रेलवे सूत्रों के अनुसार डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) और सर्वे कार्य पूरा हो चुका है। भूमि अधिग्रहण और निर्माण प्रक्रिया जल्द शुरू होने की संभावना है।
यह क्षेत्र मक्का और जूट उत्पादन के लिए प्रसिद्ध है। रेल कनेक्टिविटी से किसानों को अपनी उपज बड़े बाजारों तक पहुंचाने में आसानी होगी, जिससे परिवहन लागत घटेगी और बेहतर मूल्य मिलने की संभावना बढ़ेगी। व्यापारिक गतिविधियों में भी वृद्धि होगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
करीब डेढ़ दशक पहले प्रस्तावित इस परियोजना को अब बजट आवंटन के साथ नई उम्मीद मिली है। यदि कार्य समय पर शुरू हुआ, तो यह रेल लाइन कोसी-सीमांचल क्षेत्र के विकास की नई इबारत लिख सकती है।
Post a Comment