बैसा प्रखंड क्षेत्र में बुनियादी ढांचे की कमी आज भी ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है। प्रखंड के नन्दनिया कब्रिस्तान के समीप गोढ़ीटोला और नंदनिया गांव को जोड़ने वाली धार पर अब तक आरसीसी पुल का निर्माण नहीं हो सका है, जिससे क्षेत्र का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। पुल नहीं होने के कारण इस मार्ग पर आवागमन का एकमात्र साधन चचरी पुल ही है, जिसके सहारे लोग मजबूरी में आवाजाही कर रहे हैं। पंचायत मुखिया साजिया तब्बसुम एवं मुखिया प्रतिनिधि अबु अमामा उर्फ बाबा ने बताया कि दोमुख धार पर वर्षों से स्थायी पुल निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक ठोस पहल नहीं हो सकी है। नदी का जलस्तर घटते ही हर साल की तरह इस बार भी ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से चचरी पुल का निर्माण कराया है, ताकि किसी तरह संपर्क बना रहे। ग्रामीणों के अनुसार करीब 50 हजार रुपये की लागत से लगभग 100 मीटर लंबा चचरी पुल तैयार किया गया है, जिसके सहारे साल के करीब छह महीने लोग प्रखंड मुख्यालय, बाजार, अस्पताल और अन्य आवश्यक स्थानों तक पहुंचते हैं। बरसात के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ते ही यह संपर्क पूरी तरह टूट जाता है और लोगों को कई कोस की दूरी तय कर वैकल्पिक मार्गों से जाना पड़ता है। पुल नहीं बनने का असर केवल नंदनिया और गोढ़ीटोला तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके कारण बैसा प्रखंड की 13 पंचायतों के दर्जनों गांव प्रभावित हैं और करीब 50 हजार से अधिक आबादी को प्रत्यक्ष रूप से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आवागमन बाधित होने से शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं पर सीधा असर पड़ रहा है, बच्चों को स्कूल और युवाओं को कॉलेज पहुंचने में कठिनाई हो रही है, वहीं गंभीर मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से इस समस्या को झेलने के बावजूद प्रशासन अपेक्षित संवेदनशीलता नहीं दिखा रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। पुल के अभाव में विकास की अन्य योजनाएं भी प्रभावित हो रही हैं और जरूरी सुविधाएं लोगों तक सहजता से नहीं पहुंच पा रही हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से शीघ्र स्थायी आरसीसी पुल निर्माण की मांग की है। इस संबंध में विधायक अख्तरुल ईमान ने बताया कि पुल निर्माण का मामला टेंडर प्रक्रिया में है और एक महीने के भीतर टेंडर हो जाने की संभावना है। मालूम हो कि इस पुल के निर्माण को लेकर विधायक द्वारा 1 सितंबर 2025 को स्वीकृति समारोह भी किया गया था, इसके बावजूद अब तक धरातल पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है, जिससे क्षेत्र के लोगों में निराशा और असंतोष गहराता जा रहा है।
आरसीसी पुल के अभाव में 13 पंचायतों के दर्जनों गांव प्रभावित, 50 हजार से अधिक आबादी परेशान
Cityhalchal News
0
Post a Comment