मधेपुरा। बुलडोजर कार्रवाई, बढ़ते अपराध, भ्रष्टाचार तथा भूमिहीनों को वासगीत पर्चा देने समेत विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के बैनर तले शनिवार को मजदूरों और किसानों ने मुरलीगंज प्रखंड कार्यालय पर हल्ला बोल प्रदर्शन किया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने प्रखंड कार्यालय के मुख्य द्वार पर ताला जड़कर केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के अंचल मंत्री रमेश कुमार शर्मा, पूर्व अंचल मंत्री अनिल भारती, वरीय नेता मो. सिराज, श्रीमान हांसदा, रौशन यादव, सोनेलाल महतो और अजय राम सहित अन्य नेताओं ने संयुक्त रूप से किया। सभा को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय परिषद सदस्य प्रमोद प्रभाकर ने कहा कि बिहार में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है तथा भूमिहीन और गरीब तबका बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। उन्होंने मांग की कि भूमिहीनों को वासगीत पर्चा दिया जाए, पर्चाधारियों को जमीन पर कब्जा दिलाया जाए तथा आदिवासियों और दलितों को जोत-आबाद भूमि का पट्टा प्रदान किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था गरीबों पर बुलडोजर चलाया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
किसान सभा के जिला अध्यक्ष रमण कुमार ने जमीन दाखिल-खारिज में अनियमितता और खाद की कालाबाजारी का मुद्दा उठाते हुए किसानों को उचित मूल्य दिलाने की मांग की। जिला मंत्री विद्याधर मुखिया ने प्रधानमंत्री आवास योजना की बकाया राशि भुगतान, जन वितरण प्रणाली में सुधार और मक्का के लिए रेक प्वाइंट स्थापित करने की मांग रखी। अंचल मंत्री रमेश कुमार शर्मा ने वृद्धा-विधवा पेंशन, जन्म प्रमाण पत्र निर्गत करने में अनियमितता रोकने तथा किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों की छंटनी पर रोक लगाने की बात कही। अंत में सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने 11 सूत्री मांगों का ज्ञापन प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी को सौंपा। अधिकारियों ने मांगों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
Post a Comment