Top News

300 दिनों से लंबित कांडों पर सुपौल पुलिस का एक्शन प्लान, एसपी के सख्त निर्देश पर सभी थानाध्यक्षों की अपराध समीक्षा बैठक

जिले में लंबे समय से लंबित आपराधिक मामलों के शीघ्र निष्पादन को लेकर सुपौल पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। पुलिस अधीक्षक, सुपौल के स्पष्ट आदेशानुसार 300 दिनों से अधिक समय से लंबित कांडों के संबंध में समीक्षा बैठक सह मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में अंचल निरीक्षक सहित जिले के सभी थानाध्यक्षों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान लंबित कांडों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने अनुसंधान की गति और गुणवत्ता दोनों में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में पुराने मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाएगा और प्रत्येक कांड का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।
CCTNS प्रणाली को लेकर भी कड़ा रुख अपनाया गया। सभी थानों को निर्देश दिया गया कि मामलों की प्रविष्टि, अद्यतन स्थिति, चार्जशीट और निष्पादन से संबंधित विवरण समय पर CCTNS में दर्ज हों, ताकि अपराध नियंत्रण और निगरानी व्यवस्था और मजबूत हो सके।
इसके साथ ही बरामदगी से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई, फरार अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा वांछित अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अपराध नियंत्रण, पारदर्शिता और आम जनता के विश्वास को बनाए रखना सुपौल पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस समीक्षा बैठक के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि जिले में कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होगा और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post