Top News

चंदवा पंचायत का वार्ड बना तालाब, विद्यालय में पठन-पाठन बाधित




कोढ़ा/शंभु कुमार 


कोढा प्रखंड क्षेत्र के चंदवा पंचायत के वार्ड नंबर 7 में पिछले दो-तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। ग्रामीणों के घर में पानी घुस चुका है एवं वार्ड में स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय चंदवा के प्रांगण में कमर भर पानी जमा हो गया है। जिसके कारण विद्यालय में पठन-पाठन पूर्ण बंद है। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में जल निकासी हेतु सड़क में कलवर्ट बना हुआ है। परंतु जमींदार के द्वारा सड़क के किनारे जमीन की बिक्री कर दी गई है। जमीन खरीददार ने उक्त स्थान पर घर बनाने हेतु मिट्टी भर दिया है


जिससे कलवर्ट बंद हो गया है। वार्ड में बरसात के समय पानी निकासी की सुविधा अत्यंत आवश्यक है। समाजसेवी मनजीत सिंह ने बताया कि पूर्व में ऐसी समस्या नहीं होती थी क्योंकि कल्वर्ट के द्वारा पानी निकल जाता था परंतु अभी कल्वर्ट बंद होने के कारण वार्ड पूरी तरह जलमग्न है। पानी जमा रहने के कारण खतरनाक जलीय जीवों के काटने का भय भी बना रहता है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक नलिनी रंजन हसदा ने बताया कि जल जमाव के कारण विद्यालय भवन तक पहुंचाना बहुत ही मुश्किल है। इस विद्यालय में कुल 11 शिक्षक शिक्षिकाएं हैं। जलजमाव की समस्या की जानकारी वरीय अधिकारियों को दे दी गई है। जलजमाव की जानकारी कोढा विधायक कविता पासवान को दी गई। वार्ड में जलजमाव की स्थिति को देख विधायक ने प्रखंड विकास पदाधिकारी कोढा श्याम कुमार को जल निकासी की व्यवस्था हेतु कहा। मौके पर कोलासी मंडल अध्यक्ष मिथिलेश कुमार सिंह, मंडल महामंत्री मनजीत सिंह एवं कई गणमान्य एवं ग्रामीण उपस्थित हुए।

Post a Comment

Previous Post Next Post