कटिहार/ शंभु कुमार
समेली प्रखंड के खैरा एवं मुरादपुर पंचायत में 2 योजनाओं का स्थानीय सांसद दुलालचंद गोस्वामी एवं बरारी विधायक विजय सिंह ने शिलान्यास व उद्घाटन किया। खैरा पंचायत केसत्संग मंदिर के बगल में 12 लाख 3 हजार की राशि से सामुदायिक हॉल का शिलान्यास तथा मुरादपुर पंचायत के मिल्की गांव में 1436590 राशि की लागत से पीसीसी सड़क के निर्माण कार्य का उद्घाटन किया गया। इस दौरान सांसद व विधायक ने विशाल जनसमूह को संबोधित किया।
विधायक विजय सिंह ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विकास के लिए संकल्पित हैं। यही वजह है कि राज्य में तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने क्षेत्रीय समस्याओं को उठाते हुए इसके समाधान के लिए भी आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
वहीं सांसद दुलालचंद गोस्वामी ने कहा कि समेली में विकास की गति कभी नहीं रुकेगी इसके लिए वे हमेशा कटिबद्ध हैं। इलाके के विकास के लिए सड़क जरूरी है। सड़क विकास के द्वार को खोलती है।उन्होंने समेली में जलजमाव एवं अन्य क्षतिग्रस्त सड़कों की समस्याओं को जल्द ही दूर करने की भी बात कही।
मौके पर जदयू नेता मनोज मंडल, रणधीर जायसवाल, विधायक प्रतिनिधि भोला प्रसाद मंडल, जदयू प्रखंड अध्यक्ष राधेश्याम मंडल, जदयू महिला प्रखंड अध्यक्ष सरिता देवी, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष संजय सुमन, राजद प्रखंड अध्यक्ष विनोद यादव,मुखिया राजीव कुमार मंडल, पूर्व मुखिया सुरेश कुमार, उप मुखिया रवि रौशन कुमार, पंचायत समिति सदस्य धनेश्वर मंडल, नीतू देवी, समिति प्रतिनिधि दिलखुश झा समेत सैकड़ों कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद थे।



Post a Comment