Top News

विनोदपुर पंचायत के मुखिया पुत्र की धारदार हथियार से हत्या



कोढ़ा/शंभु कुमार 

   कोढ़ा प्रखंड के रौतारा थाना क्षेत्र अंतर्गत विनोद पुर पंचायत के मुखिया फरजाना पति हारून रशीद उर्फ फौजी के पुत्र मोहम्मद सलीम की हत्या कुछ अपराधियों ने रात्रि में चाकू मारकर कर दी। हारून रशीद की दुकान भदैया रमना चौक पर स्थित है, जिसमें रात्रि में दो भाई सोया करते थे। मृतक चार भाई में तीसरे स्थान पर था जो पढ़ाई के साथ साथ दुकान एवं खेती गृहस्ती में भी मदद करता था। घटना की सूचना मिलते हैं पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।


रोते बिलखते परिजन अपने घरों से दुकान की तरफ भागे। सुबह में घटना की खबर आग की तरह चारों तरफ फैल गई जिसके कारण दुकान के सामने हजारों की संख्या में ग्रामीण पहुंचे। घटना की खबर प्रशासन को दी गई। कोढ़ा थाना प्रभारी रूपक रंजन सिंह, कोलासी पुलिस शिविर प्रभारी शैलेश सिंह एवं रौतारा पुलिस अपने दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घटना की खबर मिलते ही पूर्व केंद्रीय मंत्री निखिल कुमार चौधरी, विधायक पुत्र गौरव कुमार, कोलासी मंडल अध्यक्ष मिथिलेश कुमार सिंह , जदयू प्रखंड अध्यक्ष सह मुखिया प्रतिनिधि विजय सिंह कुशवाहा, उत्तरी सिमरिया पंचायत मुखिया ज्ञान चंद्र मंडल, उप मुखिया नजरुल हक, मधुरा पंचायत मुखिया प्रतिनिधि मिनहाज खान, चंदवा पंचायत मुखिया मोहम्मद फारूक, दिघरी पंचायत मुखिया आसिफ इकबाल एवं कई गणमान्य व्यक्ति पहुंचे। मृतक के पिता हारून रशीद ने बताया कि उनके पुत्र की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। केवल 23 वर्ष की उम्र में अपने पिता की हर कार्य में मदद करता था। पढ़ाई के साथ-साथ समाज सेवा एवं काफी मिलनसार प्रवृत्ति का लड़का था। घटना का क्या कारण था यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। जो जांच के बाद पता चल पाएगा। घटनास्थल पर मोबाइल फॉरेंसिक लैब की टीम पहुंचकर जांच में जुट गई। दुकान के बगल में स्थित पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से भी दोषियों की पहचान की जा रही है। सभी गणमान्य प्रतिनिधियों ने इस घटना की घोर निंदा की है एवं प्रशासन से यथाशीघ्र दोषियों को गिरफ्तार कर कार्यवाही करने की मांग की है वहीं प्रशासन द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post