Top News

आमजनों को भूकंप से बचने का दिया जाएगा प्रशिक्षण

अररिया सेबालमुकुन्द यादव की रिपोर्ट

अररिया जिला भूकंप की दृष्टि से रेड जोन के अंतर्गत आता है जो कि भूकंप के प्रति अत्यंत संवेदनशील जिलों की श्रेणी में है। भूकंप एक आकस्मिक रूप से घटित होने वाली प्राकृतिक आपदा है जिसमें व्यापक स्तर पर संरचनात्मक, पर्यावरण व जानमाल की क्षति होती है। भूकंप से निपटने के प्रमुख उपायों में भूकंप रोधी भवन, अर्थक्वेक रिस्पांस, भूकंप के दौरान की जाने वाली कार्रवाई के प्रति प्रशिक्षित होना एवं जागरूक होना है। इसी दृष्टिकोण से प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी जिले में भूकंप सुरक्षा सप्ताह 15 से 21 जनवरी 2022 तक मनाया जाना है। कोविड-19 एवं ओमिक्रान संक्रमण संबंधी प्रोटोकॉल का पालन करते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को भूकंप सुरक्षा सप्ताह के दौरान विभिन्न प्रकार के माध्यम से जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया है


संबंधित अंचलाधिकारी एवं पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जनप्रतिनिधियों, अभियंताओं, शिक्षकों, भवन निर्माण सामग्री विक्रेताओं, राजमिस्त्रियों, युवा स्वयंसेवकों व अन्य हितभागियों हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम निर्धारित तिथि को आयोजित करना सुनिश्चित करेंगे। जिले के विद्यार्थियों को भूकंप सुरक्षा के प्रति जागरुक करने के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देशित किया गया। आमजन को भूकंप सुरक्षा के प्रति संवेदनशील व सजग बनाने के लिए शिक्षकों, जीविका दीदियों एवं आंगनबाड़ी सहायिकाओं के माध्यम से भूकंप सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित किए जाएंगे तथा जिला मुख्यालय, अनुमंडल मुख्यालय, प्रखंड मुख्यालय एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर होर्डिंग्स फ्लैक्स भी स्थापित की जाएगी। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं अनुमंडल तथा प्रखंड स्तरीय संबंधित पदाधिकारी जुड़े हुए थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post