Top News

शराबबंदी कानून को सख्ती से पालन करते हुए स्पीडी ट्रायल चलाने के निर्देश



अररिया से विकास कुमार झा कि रिपोर्ट

अररिया:जिला पदाधिकारी श्री प्रशांत कुमार सीएच की अध्यक्षता  में शराबबंदी का कड़ाई एवं कारगर तरीके से अनुपालन सुनिश्चित कराने तथा स्पीडी ट्रायल के तहत दोषियों के सजा को लेकर जिला कोर कमीटी के पदाधिकारियों के साथ जिला पदाधिकारी कार्यालय वेश्म में बैठक आहूत की गई। पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन को लेकर बिंदुवार गहन समीक्षा की गई।


उत्पाद अधीक्षक द्वारा बताया गया कि 1 जनवरी से लेकर 20 जनवरी 22 तक उत्पाद विभाग द्वारा 232 छापा मारा गया तथा पुलिस विभाग द्वारा 269 छापा मारा गया है। जिसमें 19 लोगों को गिरफ्तार उत्पाद विभाग द्वारा और 47 लोगों को पुलिस विभाग द्वारा गिरफ्तार किया गया है। विशेष लोक अभियोजक श्री रामानंद मंडल एवं श्री संजय मिश्र द्वारा बताया गया कि स्पीडी ट्रायल के तहत अधिक से अधिक दोषियों को सजा दिलाने की संभावना है भारी बरामदगी केस में प्राथमिकता के साथ त्वरित निष्पादन किया जा रहा है।। जिला पदाधिकारी द्वारा सभी अधिकारियों को शराबबंदी को प्रभावी बनाने को लेकर कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि नेपाल बॉर्डर एवं अन्य जिलों से अवैध शराब लाने वाले वाहनों पर कड़ी निगरानी हर हालत में रखना सुनिश्चित करें। डोर टू डोर शराब डिलीवरी पर कारगर तरीके से  नियंत्रण करना सुनिश्चित करें। खतरनाक मादक पदार्थों से शराब तैयार करने वालों पर कड़ी नजर रखें और पकड़े जाने पर विधि सम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। उत्पाद अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि जो लोग पूर्व में शराब के सेवन एवं चुराई में पकड़े गए हैं। उन्हें सशक्त जीविकोपार्जन योजना से जोड़ने हेतु डीपीएम जीविका को सूची निर्धारित समय सीमा के अंदर सुलभ कराते रहना सुनिश्चित करें। शराबविनष्टी करण हेतु प्रस्ताव तथा वाहनों के नीलामी हेतु नियमानुसार निर्धारित समय पर निष्पादित कराना सुनिश्चित करें। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अररिया एवं फारबिसगंज को निर्देशित किया गया कि ऐसे लोगों को चिन्हित करें जो लोग शराब एवं अन्य नशीली पदार्थों का सेवन करने के लिए आदि हैं। वैसे लोगों को सदर अस्पताल अररिया में संचालित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराना सुनिश्चित करें। सिविल सर्जन अररिया को निर्देशित किया गया कि नशा मुक्ति केंद्र में सभी आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था एवं संसाधन समय पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जिले में चेक पोस्ट निर्माण हेतु ऐसे सभी मार्गों को चिन्हित करें जहां से शराब की तस्करी के संभावना है। ऐसे चिन्हित मार्गों पर अभिलंब सुचारू रूप से चेक पोस्ट का संचालन शुरू करें। पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी थानावार चुराई शराब एवं विदेशी शराब सेवन के आदी लोगों की सूची तैयार करें। इसमें ऐसे लोगों को भी शामिल करें जिन्हें पहले शराब के सेवन मामले में पकड़ा गया और वह शराब के कारोबार में शामिल रहे हैं।

पुलिस विभाग के अधिकारियों को बॉर्डर क्षेत्र में भी कड़ाई से शराब बंदी कानून का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अशोक कुमार सिंह, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अररिया एवं फारबिसगंज, विशेष लोक अभियोजक श्री रामानंद मंडल एवं श्री संजय मिश्रा तथा संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post