Top News

भवानीपुर प्रखंड के पैक्स अध्यक्षों ने धान खरीद का किया बहिष्कार

 


भवानीपुर से बमबम यादव की रिपोर्ट

पूर्णियां : भवानीपुर प्रखंड के सभी पैक्स अध्यक्षों की एक बैठक का आयोजन बलदेव उच्च विद्यालय क्रीड़ा मैदान में आयोजित किया गया । आयोजित बैठक की अध्यक्षता गोंदवारा पतकैली पैक्स अध्यक्ष शब्बीर आलम के द्वारा किया गया । आयोजित बैठक में मौजूद सभी पैक्स अध्यक्षों ने सरकार के द्वारा दिये गए आदेश को गलत बताते हुए, वर्तमान समय मे धान खरीद नहीं करने का सामूहिक फैसला लिया । बैठक में मौजूद पैक्स अध्यक्षों ने सामुहिक रूप से कहा कि उनलोगों को प्रखंड मुख्यालय से 80 किलोमीटर दूर के मिलों में टैग कर दिया गया है । जिस वजह से उनलोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ेगी । पैक्स अध्यक्षों ने सामूहिक रूप से कहा कि जब भवानीपुर प्रखंड में एक सरकारी मिल और दो प्राइवेट बड़े मिल मौजूद है , तो फिर उनलोगों को यहां से बाहर के मिलों में क्यों  टैग किया गया 


सभी पैक्स अध्यक्षों ने सामूहिक रूप से कहा कि सरकार के द्वारा धान को मिलों तक पहुंचाने का भाड़ा महज 30 रुपया क्विंटल दिया जाता है । जबकि सरकारी स्तर से टैग किये गए मिल तक धान पहुंचाने में 100 रुपया प्रति क्विंटल खर्च हो जायेगा । पैक्स अध्यक्षों ने कहा कि सरकारी निर्देशानुसार पैक्सों को अधिकतम तीस किलोमीटर के दायरे के भीतर आनेवाले मिल से टैग किया जाना है । परन्तु इस वर्ष हमलोगों को 80 किलोमीटर दूर के मिलों में टैग करने का काम किया गया है 

पैक्स अध्यक्षों ने कहा कि जब निकटवर्ती जिलों में अरवा चावल तैयार करने वाले मिलो से पैक्सों को टैग किया गया है , तो फिर हमलोगों के साथ सौतेला व्यवहार क्यों किया जा रहा है । आक्रोशित सभी पैक्स अध्यक्षों ने धान खरीद करने के बहिष्कार का सामूहिक निर्णय लिया है । आयोजित बैठक में पैक्स अध्यक्ष सह व्यापार मंडल अध्यक्ष अरविंद कुमार उर्फ माधो बाबू, बिंदु देवी, तबरेज आलम, अजय कुमार यादव, दयानंद मंडल, कमलकिशोर साह, गोपाल मेहता, जयप्रकाश मंडल एवं गजेंद्र यादव मौजूद थे । 

Post a Comment

Previous Post Next Post