गया से आशीष कुमार कि रिपोर्ट। गया जिला स्थित ज्ञान की भूमि बोधगया के मगध यूनिवर्सिटी जाना क्षेत्र के गौरा शोभा खाप में देर शाम कार में आठ वर्षीय लड़के का शव मिलने से इलाके में सनसनी मच गयी। बच्चे के बदन पर गर्म सलाखों से दागे जाने के कई निशाान हैं। चेहरे पर भी गर्म पानी उड़ले जाने की बात कही जा रही है। यही नहीं लड़के मुंह व नाक में अपराधियों ने कॉटन ठूंस रखा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज भेजने में जुट गयी है।
गौरा शोभा खाप के रहने वाले उमेश पासवान का लड़का अमन कुमार (8 वर्ष) दोपहर 11 बजे से ही लापता था। हालांकि घर वाले उसकी तलाश में जुटे थे पर कहीं से कोई उन्हें लड़के के बाबत सूचना नहीं मिली। इसके बावजूद उमेश पासवान व उनके घरवालों ने पुलिस को सूचना नहीं दी।
इस बीच शाम हो गयी। शाम ढलते व अंधेरा होते ही गांव के लोगों ने और भी तेजी के साथ लड़के की तलाश में जुटे गए। इसी बीच करीब आठ बजे शोभा खाप के निकट कुछ ही दूरी पर ही सड़क किनारे बीते कुछ दिनों से खराब पड़ी स्वीफ्ट डिजायर कार पर गांव के कुछ लोगों को शक हुआ। गांव के लोगों ने कार का दरवाजा खोल कर देखा तो कार की पिछली सिट पर लापता लड़के का शव पड़ा हुआ मिला। यह देखते ही गांव वालों के होश उड़ गए। उमेश के घर में कोहराम मच गया। गांव में सन्नाटा पसर गया। कार के नजदीक बड़ी संख्या में गांव के लोग एकत्रित हो गए। इस बीच मगध यूनिवर्सिटी थाने का गश्ती दल गांव की सड़क पर भीड़ लगी देख मौके पर पहुंच गयी। गांव के लोगों ने बताया कि लड़के की हत्या बड़ी ही बेरहमी से की गयी है। उसके बदन पर गर्म सलाखों से दागे जाने के कई जख्म पड़े थे। यही नहीं उसके चेहरे पर गर्म पानी भी उड़ेले गए हैं। उसका चेहरा गर्म पानी से जला हुआ था। इधर डीएसपी विनोद रावत ने घटना की पुष्टि की है। कहा कि पुलिस घटना की जांच कर रही है। फिलहाल कुछ ठोस जानकारी नहीं मिल रही है।
इधर सूत्रों का कहना है कि उमेश पासवान की पत्नी को लेकर कुछ विवाद चल रहा था। विवाद को लेकर पंचायती कराए जाने को लेकर भी समाज के लोगों के बीच प्रयास चल रहा था। इसी बीच यह घटना हो गयी।