Top News

सरकारी जमीन के विवाद में बुजुर्ग महिला की हत्या! बांस के मुंगड़े से वार, दो और आरोपी गिरफ्तार

रूपौली/बालमुकुन्द यादव 

रूपौली। टीकापट्टी थाना क्षेत्र के कोयली सिमड़ा पश्चिम पंचायत के वार्ड संख्या-4 में बुजुर्ग महिला रमला देवी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 25 वर्षीय ऋषि कुमार, पिता चुनचुन पासवान और एक महिला शामिल हैं। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांस का मुंगड़ा और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

गौरतलब है कि 25 नवंबर की अहले सुबह करीब तीन बजे 69 वर्षीय रमला देवी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई थी। मृतका वार्ड सदस्य अबोध पासवान की मां थीं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को हत्या का कारण माना जा रहा था।बताया जाता है कि करीब दो वर्ष पूर्व पंचायत सरकार भवन निर्माण के लिए सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने को लेकर मृतका के बेटे अबोध पासवान और पड़ोसी पक्ष के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान मारपीट भी हुई थी और थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। बाद में अंचलाधिकारी की पहल पर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया था। इसी पुराने विवाद को लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी।

हत्याकांड को लेकर टीकापट्टी थाना में कांड संख्या 219/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक पूर्णिया के निर्देश पर एसडीपीओ धमदाहा अजीत प्रताप सिंह चौहान एवं डीएसपी मुख्यालय सौरभ जायसवाल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मानवीय और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर दो अप्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

इस मामले में इससे पहले प्राथमिकी अभियुक्त नीतीश कुमार, फुलो पासवान और एक महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। अब दो और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।छापेमारी दल में एसडीपीओ धमदाहा, डीएसपी मुख्यालय, अंचल निरीक्षक कुंदन कुमार चौधरी, टीकापट्टी थानाध्यक्ष सौरभ कुमार सहित टीकापट्टी एवं रूपौली थाना के पुलिस पदाधिकारी और जिला आसूचना इकाई की टीम शामिल थी।

Post a Comment

Previous Post Next Post