Top News

फसल बर्बाद करने वाली नीलगाय पर चली गोली, बचाने दौड़ा किसान, फिर भी नहीं बची जान!

कटिहार/सिटी हलचल न्यूज़ 

खेतों में फसल बर्बाद करने वाली नीलगाय को लेकर किसान भले ही परेशान रहते हों, लेकिन कटिहार के फलका प्रखंड अंतर्गत पकड़िया गांव में एक किसान ने इंसानियत की मिसाल पेश की। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल नीलगाय को बचाने के लिए किसान चंदन सिंह ने प्रशासन और वन विभाग से मदद मांगी। पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर उपचार भी किया, लेकिन नीलगाय की जान नहीं बच सकी। अब सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर बेजुबान जानवर को गोली किसने मारी?

अवैध हथियार से गोली चलाने की चर्चा

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को पकड़िया गांव में एक नीलगाय गोली लगने से गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली थी। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि उसे अवैध हथियार से गोली मारी गई थी। हालांकि, हथियार और गोली चलाने वाले व्यक्ति की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर किसने नीलगाय को निशाना बनाया और किस वजह से उस पर गोली चलाई गई?

किसान चंदन सिंह ने बचाने की कोशिश की

नीलगाय को घायल अवस्था में देखकर किसान चंदन सिंह ने उसे मरने के लिए छोड़ने के बजाय बचाने की पहल की। उन्होंने तत्काल प्रशासन और वन विभाग को सूचना देकर मदद मांगी। स्थानीय भाजपा मंडल अध्यक्ष परमानंद शर्मा ने भी पहल की। इसके बाद पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नीलगाय का प्राथमिक उपचार किया।

इलाज के बाद बिगड़ी हालत, नीलगाय की मौत

प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों की टीम लौट गई, लेकिन कुछ देर बाद नीलगाय की हालत फिर बिगड़ने लगी। गोली के गहरे जख्म और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण आखिरकार उसकी मौत हो गई। किसान चंदन सिंह ने नीलगाय की मौत की पुष्टि की।ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की सूचना समय रहते वन विभाग को दे दी गई थी, लेकिन काफी देर तक विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। नीलगाय की मौत के बाद भी ग्रामीण वन विभाग की टीम का इंतजार करते रहे।अब ग्रामीणों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि नीलगाय को गोली मारने वाला कौन है? क्या पुलिस और वन विभाग इसकी जांच कर आरोपी की पहचान कर पाएंगे? साथ ही अवैध हथियार से फायरिंग की आशंका की भी जांच की मांग उठ रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post