बरारी थाना क्षेत्र के उचला बिंद टोला में मारपीट और अपहरण के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पिन्टु मंडल उर्फ राजीव मंडल (36), अरविन्द मंडल (45) और धीरज मंडल (18) के रूप में हुई है। तीनों उचला बिंद टोला के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, 28 नवंबर को रेनू देवी, पति दिनेश मंडल ने बरारी थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया कि उनके भैंसुर नंदलाल मंडल की मृत्यु के बाद गांव के 12 नामजद लोगों ने एकजुट होकर उनके घर का दरवाजा तोड़ दिया और जबरन घर में प्रवेश कर गए। आरोपियों ने तंत्र-मंत्र के कारण नंदलाल मंडल की मृत्यु होने का आरोप लगाते हुए उनके और उनके पति के साथ गाली-गलौज एवं मारपीट की।
पीड़िता के मुताबिक, आरोपित उन्हें और उनके पति को जबरन अपने घर ले गए, जहां लाठी-डंडे और घातक हथियारों से मारपीट की गई। इस घटना में दोनों घायल होकर अर्धमूर्छित हो गए। इसके बाद आरोपित उनके पति दिनेश मंडल को जबरन चारपहिया वाहन से अपने साथ ले गए। साथ ही पुलिस को सूचना देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बरारी थाना में कांड संख्या 415/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और अनुसंधान कर रही है।
Post a Comment