Top News

नीतीश कुमार के विकास और निशांत की शालीनता से JDU की प्रासंगिकता बनी रहेगी : निरंजन कुशवाहा

 

पूर्णियां/बालमुकुन्द यादव 

पूर्णिया के कला भवन में सोमवार को आयोजित ‘सुशासन दिवस – नीतीश संवाद’ कार्यक्रम में जदयू नेताओं और कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों, महिलाओं और युवाओं की मौजूदगी के बीच पार्टी के प्रदेश सचिव निरंजन कुशवाहा ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास कार्यों और युवा नेता निशांत कुमार के व्यक्तित्व को लेकर अपनी बात रखी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निरंजन कुशवाहा ने कहा कि नीतीश कुमार के विकास कार्यों, सुशासन की पहचान और युवा नेता निशांत कुमार की शालीनता एवं मानवीय व्यवहार के कारण जनता दल यूनाइटेड की प्रासंगिकता आने वाले सौ वर्षों तक बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में जिले के कोने-कोने से आए लोगों का उत्साह और भागीदारी पार्टी के प्रति उनके जुड़ाव को दर्शाती है।

निरंजन कुशवाहा ने कहा कि नीतीश कुमार ने पूरे बिहार को अपना घर-परिवार मानकर काम किया। उन्होंने जाति और धर्म की राजनीति से ऊपर उठकर सभी क्षेत्रों और समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए प्रयास किए। उनके अनुसार, यही वजह है कि नीतीश कुमार को विपक्षी दलों के नेता भी सम्मान देते हैं।उन्होंने युवा नेता निशांत कुमार के व्यवहार की चर्चा करते हुए कहा कि उनकी शालीनता और लोगों के प्रति मानवीय दृष्टिकोण से पार्टी को समर्थन मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि नीतीश कुमार की विकास संबंधी राजनीतिक विरासत और नई पीढ़ी के नेतृत्व से जदयू की राजनीतिक भूमिका आगे भी बनी रहेगी।कार्यक्रम के अंत में निरंजन कुशवाहा ने आयोजन को सफल बनाने के लिए पार्टी के सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और कार्यक्रम में शामिल लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post