Top News

दुल्हन पर विवादित बयान देना पड़ा भारी! अख्तरुल ईमान को महिला आयोग का नोटिस


बिहार की सियासत में AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक अख्तरुल ईमान के एक बयान को लेकर विवाद गहरा गया है। एक जलसे में दुल्हन की नुमाइश को लेकर दिए गए उनके कथित आपत्तिजनक बयान पर विभिन्न राजनीतिक दलों ने कड़ी नाराजगी जताई है। कांग्रेस, राजद और भाजपा के नेताओं ने बयान की निंदा करते हुए अख्तरुल ईमान से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।

मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। बिहार राज्य महिला आयोग ने बयान से जुड़े वीडियो पर स्वतः संज्ञान लेते हुए अख्तरुल ईमान को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। आयोग की सदस्य सजल झा की ओर से 24 नवंबर 2026 को जारी नोटिस में विधायक से सात दिनों के भीतर लिखित जवाब मांगा गया है।

नोटिस के अनुसार, आयोग के संज्ञान में आए वीडियो में अख्तरुल ईमान पर सार्वजनिक मंच से महिलाओं और विवाह समारोहों को लेकर कथित तौर पर अभद्र एवं अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप है। इसके अलावा संवैधानिक मुद्दों पर भड़काऊ बयान देने की बात भी कही गई है।

महिला आयोग ने इस मामले को सामाजिक सौहार्द और सार्वजनिक मर्यादा से जुड़ा गंभीर विषय मानते हुए निर्धारित समय सीमा में स्पष्टीकरण देने को कहा है। नोटिस में यह भी उल्लेख किया गया है कि सात दिनों के भीतर जवाब नहीं मिलने पर उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा सकती है।

इस विवाद ने अब राजनीतिक गलियारों में महिला सम्मान और जनप्रतिनिधियों की सार्वजनिक भाषा को लेकर बहस छेड़ दी है। महिला आयोग के नोटिस के बाद अख्तरुल ईमान पर जवाब देने का दबाव बढ़ गया है। अब देखना होगा कि विधायक आयोग के सामने अपना क्या पक्ष रखते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post