सदर अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे 17 वर्षीय किशोर का पांच घंटे तक उपचार शुरू नहीं होने पर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। मामला सामने आने के बाद नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान और जदयू जिलाध्यक्ष फैसल अहमद भी अस्पताल पहुंचे और व्यवस्था पर नाराजगी जताई।
जानकारी के अनुसार, खगड़ा पासवान टोला निवासी संतोष पासवान के पुत्र सागर कुमार पासवान कई बीमारियों से ग्रसित हैं। गुरुवार सुबह परिजन उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराने पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि पांच घंटे तक अस्पताल में रहने के बावजूद इलाज शुरू नहीं किया गया।
नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान ने व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर अस्पताल में तालाबंदी, हड़ताल और जन आंदोलन की चेतावनी दी।
हंगामे के बाद प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. मंजर आलम ने तत्काल किशोर का इलाज शुरू करवाया और मामले की जांच कर दोषी कर्मियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
वहीं, जदयू जिलाध्यक्ष फैसल अहमद ने सिविल सर्जन से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनका सरकारी मोबाइल बंद मिला। इसके बाद उन्होंने जिलाधिकारी से दूरभाष पर बात कर घटना की जानकारी दी और दोषी कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
Post a Comment