Top News

ससुराल वालों की पिटाई से घायल विधवा की इलाज के दौरान मौत, एक आरोपी गिरफ्तार


पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के पनासी पंचायत अंतर्गत अधिकारी गांव में ससुराल पक्ष की पिटाई से गंभीर रूप से घायल विधवा अजमेरी खातून की शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने एक आरोपी अशफाक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

मृतका के पिता चिराग अली, निवासी पानीसाल, ने आरोप लगाया कि करीब दो वर्ष पूर्व अजमेरी खातून के पति मो. लाल मियां की मौत के बाद से ससुराल वाले उसे लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। करीब एक सप्ताह पूर्व उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

बेटी की हालत की जानकारी मिलने पर पिता चिराग अली अधिकारी गांव पहुंचे और घायल अजमेरी को इलाज के लिए पहले इस्लामपुर, फिर बेहतर उपचार के लिए किशनगंज अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, इलाज के दौरान शुक्रवार दोपहर उसकी मौत हो गई।

पिता के लिखित आवेदन पर पहाड़कट्टा थाना में हत्या की प्राथमिकी कांड संख्या 317/26 दर्ज की गई है। इसमें अशफाक, नाजमा खातून, नसीमा खातून, जाहिद, फिरोज, नसीब, आकाली और नुरून निशा सहित आठ लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस ने एक आरोपी अशफाक को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post