Top News

गलगलिया में 30 मवेशियों से लदा ट्रक जब्त, छह लोग गिरफ्तार


गलगलिया। भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र गलगलिया में एसएसबी की 41वीं बटालियन ने कार्रवाई करते हुए 30 मवेशियों से लदे ट्रक को जब्त किया है। मौके से ट्रक पर सवार छह भारतीय नागरिकों को भी गिरफ्तार किया गया। बरामद मवेशियों में 16 गाय और 14 बछड़े शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह गुप्त सूचना के आधार पर जी-समवाय भातगांव की एसएसबी टीम ने एनएच-327 पर गलगलिया के समीप मोबाइल चेकपोस्ट लगाकर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान असम नंबर के ट्रक (AS 01 HC 5596) को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 30 मवेशी लदे मिले। मवेशियों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज और अनुमति पत्र चालक दल प्रस्तुत नहीं कर सका।

पूछताछ में पकड़े गए लोगों ने बताया कि मवेशियों को बिहार के वैशाली जिले से लोड कर दरभंगा और गलगलिया के रास्ते अरुणाचल प्रदेश ले जाया जा रहा था। तलाशी के दौरान चार मोबाइल फोन, छह सिम कार्ड और 16 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए।

एसएसबी ने जब्त ट्रक, सभी मवेशियों, मोबाइल फोन, नकदी और गिरफ्तार छह लोगों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गलगलिया थाना पुलिस को सौंप दिया है। पूछताछ में मवेशी तस्करी से जुड़े दो अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। इनमें एक किशनगंज जिले और दूसरा पश्चिम बंगाल के नक्सलबाड़ी का निवासी बताया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post