दिघलबैंक। प्रखंड के सीमावर्ती मालटोली गांव में शनिवार को वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज बनाने की अपील की गई।
जिला कल्याण पदाधिकारी निखिलेश कुमार पाठक ने नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक नुकसान की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा परिवार और समाज के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।
दिघलबैंक पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि गणेश कुमार सिंह ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने ग्रामीणों से सामूहिक प्रयास कर गांव को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक कौरव कुमार, वार्ड सदस्य राजनारायण गणेश, विकास मित्र सत्यनारायण राय, जालंधर सिंह, रंजनी सिंह, बासु गणेश सहित स्थानीय ग्रामीण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Post a Comment