Top News

एसएसबी की साइकिल रैली का ठाकुरगंज में स्वागत, सीमावर्ती गांवों में जागरूकता अभियान


ठाकुरगंज। सीमावर्ती क्षेत्रों में जनसंपर्क और सामाजिक जागरूकता के उद्देश्य से एसएसबी की साइकिल रैली-2026 शुक्रवार को 19वीं वाहिनी ठाकुरगंज मुख्यालय पहुंची। रैली का अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय प्रशासन ने स्वागत किया।

इस अवसर पर विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल, नगर पंचायत के मेयर सिकंदर पटेल, क्षेत्रक मुख्यालय जलपाईगुड़ी के कमांडेंट लोकेश कुमार सिंह सहित एसएसबी अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे। 19वीं वाहिनी के कमांडेंट राज कुमार खलखो ने रैली प्रतिभागियों का स्वागत किया।

विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने सीमा सुरक्षा में एसएसबी की भूमिका की सराहना करते हुए रैली के प्रतिभागियों को सफल एवं सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

23 नवंबर को बारहबीसा स्थित विवेकानंद ग्राउंड से शुरू हुई रैली में एसएसबी के 32 अधिकारी एवं जवान शामिल हैं। करीब 346 किलोमीटर की दूरी तय कर रैली का समापन 28 नवंबर को बीओपी पेकटोला में निर्धारित है।

शनिवार को कमांडेंट राज कुमार खलखो ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पाथामारी और धनतोला सहित विभिन्न स्थानों पर रैली का स्वागत किया गया।

रैली के माध्यम से सीमावर्ती गांवों में नशामुक्त भारत अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, साइबर सुरक्षा और मानव तस्करी की रोकथाम को लेकर जागरूकता फैलायी गई। ग्रामीणों एवं स्कूली बच्चों के बीच पंपलेट वितरित कर सामाजिक कुरीतियों और अपराधों के विरुद्ध सतर्क रहने की अपील की गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post